भिवानी में BBA छात्र पर बीच सड़क लाठी-डंडों और रॉड से हमला, 6 जगह फ्रैक्चर; CCTV में कैद वारदात

कार से टक्कर मारकर गिराया, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; पिता का आरोप- पिस्टल दिखाकर धमकाया, पुलिस ने रोहतक और जींद के युवकों समेत अन्य पर केस दर्ज किया

भिवानी। हरियाणा के भिवानी में BBA के छात्र रुद्र प्रताप पर बीच सड़क बेरहमी से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात की CCTV फुटेज में कुछ युवक छात्र को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार से टक्कर मारकर उसे गिराया और फिर उस पर लगातार वार किए। घटना के दौरान सड़क से कई लोग गुजरते रहे, लेकिन किसी के बचाव के लिए आगे आने की बात सामने नहीं आई।

हमले में रुद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पिता विनोद के मुताबिक, बेटे के हाथ-पैरों में करीब छह जगह फ्रैक्चर हुए हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जींद निवासी हिमांशु, रोहतक के महम निवासी अंकित समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हुड्डा पार्क के पास कार से मारी टक्कर

गांव पालुवास निवासी विनोद ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रुद्र BBA का छात्र है। करीब डेढ़ महीने पहले रुद्र के भाई ध्रुव के दोस्तों और कुछ युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। पिता को शक है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को निशाना बनाया गया।

शिकायत के अनुसार, रुद्र शाम करीब 7 बजे मोटरसाइकिल पर हुड्डा पार्क के पास जा रहा था। पालुवास मोड़ के नजदीक पीछे से आई नीले रंग की कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया।

लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला

आरोप है कि कार से तीन युवक उतरे और रुद्र को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने कार से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड निकालकर उस पर हमला कर दिया। रुद्र ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फिर मारपीट की।

CCTV फुटेज में हमलावर छात्र को सड़क पर गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। पिता का आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल दिखाकर भी बेटे को डराया। वारदात के बाद आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए।

हाथ-पैरों में छह जगह फ्रैक्चर

परिजनों के मुताबिक, हमले में रुद्र के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और करीब छह जगह फ्रैक्चर हुए हैं। उसके पैरों की हड्डियों में भी चोटें हैं। पहले उसे भिवानी के अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम रेफर किया गया।

पिता विनोद ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल करने के इरादे से हमला किया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पिता ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

विनोद का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को घटनास्थल का वीडियो उपलब्ध कराया था, लेकिन कार्रवाई को लेकर वह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने मामले की गहन जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार, घायल रुद्र के बयान दर्ज किए गए हैं। शिकायत के आधार पर जींद निवासी हिमांशु और महम निवासी अंकित समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!