Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

सिरसा में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस और बुलेट सवार तीन युवकों के बीच जमकर बहस हो गई। आरोप है कि बुलेट का चालान काटे जाने पर युवकों ने ट्रैफिक थाना प्रभारी को 24 घंटे में देख लेने की धमकी दी। इस दौरान एक युवक ने अपने ताऊ के CIA में इंस्पेक्टर होने की बात भी कही।

मामला 15 अगस्त को लेकर सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम के बाहर चल रही ट्रैफिक चेकिंग के दौरान का है। पुलिस के अनुसार, बुलेट बाइक पर तीन युवक सवार होकर आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर बाइक के दस्तावेज और नंबर प्लेट के बारे में जानकारी मांगी।

नंबर प्लेट नहीं, कागज भी नहीं मिले

ट्रैफिक थाना SHO सुरेंद्र सिंह के अनुसार, बुलेट पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। युवकों के पास बाइक से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी नहीं थे। जांच के दौरान बाइक में लगा साइलेंसर भी मानक के अनुरूप नहीं पाया गया।

पुलिस का कहना है कि बुलेट में ऑरिजनल साइलेंसर बदलकर पटाखे वाला साइलेंसर लगाया गया था।

“24 घंटे में पता चल जाएगा…”

चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो एक युवक ने कथित तौर पर SHO को 24 घंटे में देख लेने की धमकी दी।

एक युवक ने यह भी कहा कि उसका ताऊ CIA में इंस्पेक्टर है। दूसरे युवक ने अपने पिता के लघु सचिवालय में होने की बात कहकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।

इस पर SHO सुरेंद्र सिंह ने भी युवकों को कड़ी फटकार लगाई। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा—

“घणा बड़ा कामरेड बनै हैं। क्या अल्मेटम देरा, करवा बात तेरे ताऊ इंस्पेक्टर सै। घणा लादेन बनरा क्या तू…”

पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस और युवकों के बीच हुई बहस सुनाई दे रही है।

25 हजार रुपए का चालान, बाइक जब्त

पुलिस ने नियमों के उल्लंघन के चलते बुलेट का 25 हजार रुपए का चालान किया और बाइक जब्त कर ली।

SHO के अनुसार, चालान की रसीद पर हस्ताक्षर करने को कहा गया, लेकिन युवक ने साइन करने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने उसे चालान की रसीद सौंप दी।

SHO सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुलेट के नियमों के उल्लंघन पर चालान की राशि अधिक होती है। उन्होंने कहा कि एसपी के निर्देश हैं कि किसी अधिकारी की सिफारिश पर कार्रवाई में ढील नहीं दी जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि 15 अगस्त को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान अन्य वाहनों के भी 40 से 50 हजार रुपए तक के चालान किए गए।

फिलहाल युवकों द्वारा SHO को धमकी दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई नियमों के अनुसार की गई।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!