रोहतक के जींद बाईपास पर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी है। जिसमें घायल युवक को रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक की पहचान रोहतक के गांव मोखरा निवासी करीब 40 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। अनिल की छाती में गोली लगने के निशान है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जींद बाईपास पर अनिल मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। वहीं वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इधर, गोली लगने के कारण अनिल घायल होकर गिर गया। जिसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना पाकर ईआरवी की गाड़ी मौके पर पहुंची और घायल को बेसुध अवस्था में लेकर रोहतक पीजीआई पहुंची। जहां पर चिकित्सकों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। हालांकि अभी तक हमलावरों की जानकारी नहीं लग पाई है। इधर, सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
