पानीपत शहर में सनौली रोड स्थित आर्य नगर में स्थित अपने ही घर में एक 19 साल की युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई हैं और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पारिवारिक जानकारी के अनुसार, खुशबू ने 7वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद करीब 5 साल पहले स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद वह अमूमन घर पर ही रहती थी और घर पर रहकर उर्दू की तालीम ले रही थी। खुशबू अपने 6 भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। अभी महज 11 दिन पहले ही खुशबू की बड़ी बहन की शादी हुई थी, जिसकी वजह से घर में अभी भी शादी का माहौल था और रिश्तेदार मौजूद थे।

खुशबू के पिता इसराइल और मां शबनम दोनों ही रोजाना मजदूरी व काम पर जाते हैं। माता-पिता के काम पर चले जाने के बाद अक्सर घर में खुशबू और उसके छोटे भाई-बहनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था।

बुधवार को भी जब माता-पिता घर पर नहीं थे, तो पीछे से बच्चों में आपस में विवाद हो गया। जब मां शबनम काम से लौटकर घर आई, तो उसने इसी बात को लेकर खुशबू को कड़ी डांट लगा दी। मां ने डांटते हुए खुशबू से यहां तक कह दिया कि अब वह घर पर खाली नहीं बैठेगी, बल्कि अब से उसे भी मां के साथ काम पर चलना होगा।

मां की इसी डांट और काम पर चलने की बात को खुशबू बर्दाश्त नहीं कर पाई और वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। इसी बात से परेशान होकर उसने बुधवार की रात को परिवार वालों का ध्यान उससे हटते ही घर के भीतर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

जब परिजनों ने खुशबू को फंदे पर लटका देखा, तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!