यमुनानगर के जगाधरी स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में रविवार सुबह एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सोनू पुत्र गोपाल निवासी नवादा कलां, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनू नगर निगम के सफाई ठेकेदार के पास काम करता था और पिछले करीब चार दिनों से मारवाड़ी धर्मशाला में कमरा लेकर रह रहा था। रविवार सुबह रोजाना की तरह चाय देने पहुंचे युवक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद दोबारा आने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ।
इसके बाद उसने दरवाजे के ऊपर बने हिस्से से अंदर झांककर देखा तो सोनू का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह देखकर उसने तुरंत धर्मशाला प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि मृतक 10 जून की शाम को धर्मशाला में ठहरने आया था। पुलिस जांच में पता चला है कि युवक ने कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या की। शव को नीचे उतारकर तलाशी ली गई, जिसमें मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई करेगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
