फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक हिसार के गणेश मार्केट स्थित मोबाइल शॉप पर काम करता था। उसकी 4 महीने पहले फरवरी में शादी हुई थी। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुसाइड करने से पहले उसने इंस्टाग्राम आईडी पर स्टोरी पोस्ट की, जिसमें पंजाबी गाने के साथ मां-बाप और दोस्तों के साथ फोटो व वीडियो शेयर की। गाने के बोल थे कि तू मेरी हर एक रीज पुगाई है। मुंह मांगी चीज दिलाई है। अब बापू तुने ऐश करवाणी है, तेरे पूत दी बारी आई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी भैया लाल का 28 वर्षीय बेटा सोनू हिसार में मोबाइल शॉप पर रिपेयरिंग का काम करता था। उसकी पत्नी सात दिन पहले ही मायके गई थी। परिजनों के अनुसार, सोनू रविवार रात को खाना खाकर कमरे में सोया था। सुबह देखा तो उसने फंदा लगाया हुआ था।
परिजनों के मुताबिक, सोनू चार बहन-भाईयों में तीसरे नंबर पर था। उसका एक बड़ा भाई, एक बड़ी बहन व एक छोटी बहन है। वह अपने माता-पिता और पत्नी के साथ अलग रहता था। उसकी चार महीने पहले सिरसा जिले के गांव वेदवाला में शादी हुई थी। एक हफ्ते पहले पत्नी मायके चली गई थी।
सोनू के भाई भीम के अनुसार, रविवार रात को वह होटल से खाना खाकर आया था। इसके बाद वह कमरे में जाकर सो गया। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो माता-पिता ने जाकर देखा। इसके बाद अन्य परिजनों व पड़ोसियों को सूचना दी गई। पुलिस के आने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सोनू के भाई भीम के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। भीम ने पुलिस को बताया है कि उसका भाई पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी परेशानी के चलते उसने सुसाइड की है।
कुछ समय पहले सोनू दुबई भी जाकर आया था। वहां उसने दोस्तों के साथ काम किया। इसके बाद वह वापस लौट आया और हिसार में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर काम करने लगा।
सोनू सोशल मीडिया पर पूरा एक्टिव था। उसने इंस्टाग्राम पर दुबईआलेएचआर22 और सोनू मजोका नाम से आईडी बनाई हुई है। जिनमें पर वीडियो और फोटो पोस्ट करता रहता था। उसने पत्नी के साथ भी वीडियो अपलोड की हुई है।

