हरियाणा के 9 जिलों में आज यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल है।
मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के मुताबिक अब लगातार चार दिनों तक प्रदेश में बारिश होगी। बारिश के कारण कई नदियों में पानी पहले से ज्यादा नजर आ रहा है। इसके अलावा यमुनानगर के गई गांवों में घरों तक पानी पहुंचने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इन चार दिनों के दौरान बारिश लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।
बता दें कि इस सीजन सामान्य से अधिक बारिश हुई है और सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में हुई है। यहां बारिश का आंकड़ा सवा 800 एमएम को पार कर चुका है जबकि सिरसा में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।
मानसून के इस सीजन में हुई सामान्य से अधिक बारिश के कारण कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का जलस्तर 26 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। इस्माइलाबाद के नैसी गांव के पास तो तटबंध टूटने से खेतों में पानी भर गया है।
वहीं, पंचकूला के मोरनी क्षेत्र से भी एक वीडियो सामने आया, जिसमें बारिश के कारण नाले में उफान आया हुआ है और इस नाले के बीच से ही स्कूली बच्चों को दूसरे किनारे तक पहुंचाया जा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद में यलो अलर्ट है। वहीं, पूर्वानुमान के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में 50 से 75 प्रतिशत व पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 75 से 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है।
