हरियाणा के मौसम ने अचानक मिजाज बदल लिया है। शनिवार की सुबह झज्जर जिले के बिरोहड़, मालियावास, कालियावास और आसपास के गांवों में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को ठंड का एहसास हुआ।

उधर, इस ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींच दी हैं। कहना है कि बारिश कुछ देर ही हुई, जबकि ओले ज्यादा गिरे। सूखे ओले गिरने से फसलों को थोड़ा नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन खेतों में निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वहीं, मौसम विभाग (चंडीगढ़) ने आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत के लिए आज यलो अलर्ट किया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।

शुक्रवार को भी दो जिलों चरखी दादरी और रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे। वहीं, पलवल में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात और सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान -0.1°C गिरा है। प्रदेश में पंचकूला 13.7°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। इसके अलावा महेंद्रगढ़ (15.3°C), गुरुग्राम (15.4°C) और यमुनानगर (15.8°C) में भी रातें ठंडी दर्ज की गईं। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान चरखी दादरी 20.6°C और नूंह 20.1°C में रहा।

प्रदेश में दिन के तापमान में -0.1°C की मामूली गिरावट देखने को मिली, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महेंद्रगढ़ 33.5°C के साथ राज्य में सबसे गर्म दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार (33.4°C), चरखी दादरी (33.2°C) और पलवल (32.6°C) में भी दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की गई। दूसरी ओर, पंचकूला (28.9°C), रोहतक (29.6°C) और यमुनानगर (29.6°C) में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!