रोहतक की झज्जर चुंगी निवासी रवीना ने शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाने में लूट की शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फैक्ट्री में नौकरी करती है। 15 नवंबर को वह बाजार में सामान खरीदने के लिए गई थी। सामान खरीदने के लिए घर से 27 हजार रुपए लेकर गई थी। पैसे उन्होंने एक थैले में रखे हुए थे। लेकिन उन्होंने बाजार से कोई सामान नहीं खरीदा और देर शाम को बिना खरीदारी के ही वापस घर लौट आई।
पीड़िता ने बताया कि घर लौटते समय जब वह पेट्रोल पंप वाली गली में चली तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। मोटरसाइकिल सवार आरोपी युवक ने झपटा मारकर महिला के हाथ से पैसों से भरा बैग छीन लिया। वहीं मौके से फरार हो गए। इसके बाद मामले की पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
