पलवल में विजिलेंस की टीम ने महिला थाना में तैनात एक महिला एएसआई जगवती को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एएसआई ने दहेज उत्पीड़न के केस में आरोपी के परिजनों को केस से बाहर करने के नाम पर ये रिश्वत ली। विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ये मामला कमरावली गांव का है। यहां सरपंच प्रतिनिधि मनोज बैंसला के मित्र बनवारी लाल के साले रोहताश ने होडल की एक युवती से लव मैरिज की थी। शादी के बाद युवती ने दिसंबर 2024 में रोहताश और उसके परिवार के खिलाफ दहेज का केस दर्ज करा दिया।

दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने की जांच महिला थाना की एएसआई जगवती को सौंपी गई। मनोज बैंसला ने रोहताश के परिवार की तरफ से केस की पैरवी शुरू की। जगवती ने रोहताश के परिजनों को केस से बाहर करने के लिए 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की। 13 फरवरी को यह राशि दे दी गई।

मनोज बैंसला के अनुसार जगवती ने महिला थाना प्रभारी के नाम पर 50 हजार रुपए और मांगे। लगातार रिश्वत की डिमांड से परेशान होकर मनोज ने विजिलेंस में शिकायत कर दी। विजिलेंस ने जाल बिछाया और शुक्रवार को नेशनल हाईवे-19 पर रसूलपुर चौक पर एएसआई को 20 हजार रुपए लेते गिरफ्तार कर लिया। एएसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!