हरियाणा में न्यूनतम तापमान (रात का) लगातार गिर रहा है। नवंबर महीने के अभी 15 दिन भी नहीं बीते हैं और पारा 6.6 डिग्री पर पहुंच गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने से मैदानी इलाके ठिठुर रहे हैं। रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। खासकर रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने हरियाणा में 5 दिन और शीत लहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के साथ लगते 7 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखीदादरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यहां 24 घंटों में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा प्रदेश में सुबह और शाम दोनों समय धुंध देखी जा रही है। नमी बढ़ने से प्रदूषण भी बढ़ा है। हरियाणा 9 शहरों में प्रदूषण खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। इसमें अधिकांश एनसीआर के जिले शामिल हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप का तीसरा चरण यहां लागू हो गया है। इससे अब प्रदूषण बढ़ाने वालों पर कार्रवाई की जा सकेगी।
हरियाणा के 5 शहरों हिसार, गुरुग्राम, करनाल, महेंद्रगढ़, नारनौल में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। नारनौल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया था जो सीजन का सबसे कम तापमान रहा।
वहीं रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, , सोनीपत और सिरसा में तापमान 10 डिग्री या इसके करीब पहुंच गया है। सिरसा और जींद में तापमान 10 डिग्री, सोनीपत में 10.1, कैथल में 10.2,पानीपत में 10.3 और कुरुक्षेत्र में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 15 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा चलने की वजह से दिन में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात में थोड़ी ठंडक रहेगी।
