सोनीपत जिले में पूर्व क्रिकेट कोच रामकरण की हत्या के मामले में 9 दिन से फरार चल रहा मुख्य आरोपी सुनील उर्फ लंबू आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या के कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी की जा सके। मामले को लेकर पुलिस डीसीपी क्राइम नरेन्द्र कादियान 12 बजे प्रेसवार्ता कर जानकारी देंगे।

सीआईए की विशेष टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए आरोपी सुनील लंबू को दबोच लिया। पुलिस को आशंका थी कि आरोपी किसी रिश्तेदार के घर या बाहर इलाके में छिपा हो सकता है। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के मूवमेंट का पता लगाया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे प्रारंभिक पूछताछ भी शुरू कर दी है।

परिवार के मुताबिक, इस वारदात के पीछे वार्ड पार्षद चुनाव लेकर चल रहा पुराना विवाद है। आरोपी सुनील लंबू इस बार चेयरमैन का चुनाव हार गया था। उधर, वार्ड-12 से रामकरण के बेटे की पत्नी सोनिया शर्मा पार्षद चुनी गई थीं। चुनाव के बाद से ही सुनील लंबू लगातार सोशल मीडिया ग्रुपों पर वार्ड की समस्याओं को उजागर कर रहा था।

रामकरण ने लंबू को वॉट्सऐप ग्रुप में डालने की बजाय समस्या सीधे बताने और समाधान कराने की बात कही थी। इसके बाद दोनों के बीच तकरार बढ़ गई थी। आरोप है कि सुनील लंबू ने डायल 112 पर कॉल कर जान से मारने की धमकी मिलने का मैसेज भी ग्रुप में डाला था, लेकिन शाम होते ही इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया था।वारदात के बाद आरोपी सुनील लंबू मौके से फरार हो गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। जांच अधिकारी के अनुसार, रिमांड के दौरान हत्या के पीछे के कारणों, संभावित विवाद और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस को उम्मीद है कि सुनील लंबू से पूछताछ में पूरे मामले की परतें खुलेंगी। पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी वीडियो में आरोपी सुनील लंबू घटना स्थल से भागता हुआ नजर आ रहा है। आरोपी गन्नौर के लहरी पार्क के सामने वाली गली से भागते हुए लड़कियों के स्कूल की तरफ गया था। उसके बाद वह फरार हो गया था। वहीं सामने आई फुटेज में आरोपी के भागने के दौरान हाथ में हथियार दिख रहा था। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ़्तार किया है।

पूरा मामला ?

3 तारिख को गन्नौर के वार्ड-12 की पार्षद सोनिया के ससुर और क्रिकेट कोच रामकरण सोमवार की रात अपनी पत्नी और बहू सोनिया के साथ गाड़ी में सवार होकर शादी समारोह में जा रहे थे। जैसे ही वे जैन गली में स्थित अपने घर से निकले और थोड़ी दूरी पर सिविल अस्पताल के सामने पहुंचे तो वहां घात लगाए बैठे नगर पालिका के पूर्व कार्यवाहक चेयरमैन सुनील उर्फ लंबू ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। आरोप है कि इतना कोई कुछ समझ पाता, लंबू ने गाड़ी में बैठे रामकरण पर गोलियां बरसा दीं। पुत्रवधू सोनिया के मुताबिक, उनके ससुर रामकरण को तीन गोलियां लगीं। इसके बाद हमलावर लंबू वहां से फरार हो गया। अचानक हुए इस हमले से वे और उनकी सास सहम गईं। उन्होंने शोर मचाते हुए तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग और आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत घायल को गन्नौर के उपमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई और उन्हें सोनीपत मुरथल रोड स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!