बहादुरी कोई ऐसी चीज नहीं जो विरासत में मिले, बल्कि यह वो चीज है जो डर को पीछे छोड़ने के साथ इंसान में आती है। वरना हर आदमी के बस की बात नहीं है कि वह झूले के ऊपर चढ़कर किसी को बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दे। मगर इंटरनेट पर वायरल वीडियो में एक लड़के ने ऐसा कुछ कर दिखाया है, जिसकी वजह से उसे अब जमकर तारीफ मिल रही है।
वायरल वीडियो में एक महिला जो किसी मेले में गई होती है, वह जायंट व्हील (Giant Wheel) झूले पर झूलते हुए अचानक फिसल जाती है। जिससे वह झूले में लगे हुए बॉक्स पर लटक जाती है। इस दौरान जब नीचे शोर-शराबा मच रहा होता है, इसी बीच एक कम उम्र का लड़का अपने बॉक्स से निकलकर ऊपर चढ़ जाता है और महिला को बचाने में लग जाता है।
वायरल वीडियो में लड़के ने जो किया, वह बिल्कुल भी आसान नहीं था। मगर उसने ऐसा करने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। इससे पहले जब महिला झूले पर लटकी होती है, तो झूला ऊपर नीचे हो रहा होता है। पहले तो लगता है कि झूले के नीचे आने पर वह उतर जाएगी, मगर ऐसा नहीं होता है। झूला रूकने के बावजूद वह ऊपर की ओर चली जाती है।
इस दौरान, जायंट व्हील के नीचे वाले बॉक्स में मौजूद लोग महिला को पैरों से अंदर खींचने की कोशिश करते हैं। लेकिन महिला हाथ छोड़ने से डर रही होती है। क्योंकि ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता था। ऐसे में उसी बॉक्स के अंदर से एक लड़का हीरो की तरह डिब्बे से निकलकर उसके ऊपर चढ़ जाता है और महिला का एक हाथ पकड़कर उसे किसी तरह झूले में दोबारा बैठा देता है और इसी के साथ यह वीडियो खत्म हो जाती है।
इस घटना ने मीना बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी एक बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है I कई बार देखा जाता है कि बडे़ हवाई झूलों में सवार लापरवाही करते नजर आते हैं. सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते हैं, ऊपर से सेल्फी लेते हैं, और वीडियो बनाते रहते हैं I यही वजह है इस तरह के हादसे हो जाते हैं. एक छोटी सी लापरवाही से किसी की जान भी ले सकती हैI फिलहाल, अब यह देखना होगा कि घटना के बाद सुरक्षा के किस तरह इंतजाम किये जाते हैं, ताकि दुबारा इस तरह की घटना न हो I
