पानीपत जिले के गांव बोहली में रिफाइनरी की कंपनी में रसोइए का काम करने वाले बुजुर्ग की उसी के रूममेट ने ईंटों से हमला कर हत्या कर दी। बुजुर्ग रसोइया साथी से खाने के पैसे मांग रहा था।

इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी व मृतक दोनों एक ही गांव के थे। आरोपी, मृतक को दादू कहता था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से चला गया था।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने उसके साथी से भी पूछताछ की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजनों को वारदात की सूचना दे दी गई है। पुलिस की टीमें आरोपी की धरपकड़ में जुटी हैं। शव का आज पोस्टमार्टम होगा।

मूल रूप से पश्चिमी बंगाल के ईटा जिले के गांव कालामुटी का रहने वाला अमूलोपाल(70) करीब दो 2 हफ्ते पहले ही काम के लिए पानीपत आया था। यहां उसके गांव का छोटनपाल भी आया था। ये रिफाइनरी की पी मा‌णिकम कंपनी में काम करने लगे। इस कंपनी में 40 लोग काम करते हैं।

यहां पर अमूलोपाल को रसोइए की नौकरी मिल गई। छोटनपाल लेबर के रूप में काम कर रहा था। दोनों गांव बोहली की पालाराम मार्केट में लेबर क्वार्टर में रह रहे थे। उनके साथ विधुत पहान व असत मंडल भी रहता था।

चारों गुरुवार को काम पर नहीं गए थे। अमूलोपाल गुरुवार को छोटनपाल से अपने खाने के पैसे मांग रहा था। दोनों के बीच इसी को लेकर विवाद हो गया और विवाद मारपीट में बदल गया। छोटनपाल ने इंटरलोकिंग टाइल से अमूलोपाल पर हमला कर दिया। उसके सिर, छाती व कमर पर वार किया गया। हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी छोटनपाल यहां से भाग गया। साथी कर्मचारी उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

डॉक्टरों ने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस आरोपी के बारे में साथी लेबर से पूछताछ कर रही है। हालांकि सूत्रों के अनुसार आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!