हरियाणा में लगातार 3 दिन बारिश के आसार हैं। आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं, मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक जीटी रोड बेल्ट के सभी जिलों में तेज बारिश का फ्लैश अलर्ट जारी किया है।
इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं। सोनीपत, जींद और दिल्ली से सटे गुरुग्राम के इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। यहां जलभराव भी शुरू हो गया है।
झज्जर, फतेहाबाद और पंचकूला में भी बूंदाबांदी जारी है। जबकि, चरखी दादरी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, सिरसा आदि जिलों में बादल छाए हुए हैं। कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में बीती रात भी बूंदाबांदी हुई है।
पंचकूला में प्रशासन ने नदियों के पास न जाने की एडवाइजरी जारी की है। यहां डायल-112 की भी तैनाती की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का दौर तेज होगा और 15 अगस्त को 11 जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। जबकि 16 अगस्त को 5 जिलों में अलर्ट है।
IMD के अनुसार, 15 अगस्त को 11 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। जिसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल में बारिश का यलो अलर्ट है। इसके अलावा फतेहाबाद और कैथल में 0 से 25 प्रतिशत बारिश की संभावना है। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी,रोहतक,जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल और कुरूक्षेत्र में 25 से 50 प्रतिशत बारिश की संभावना है।
