हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ी जा रही है। बीती रात को हिसार का बालसमंद में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान एक दिन पहले की तुलना में करीब 4 डिग्री तक नीचे गिर कर 2.5 °C पर आ गया। इस बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। हिसार में विजिबिलिटी 400 मीटर रही। मौसम विभाग ने 22 दिसंबर को कुछ स्थानों पर घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कल रात से तापमान में बदलाव होगा।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 दिसंबर से हवाओं में बदलाव होगा। इससे उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना से राज्य में 22 दिसंबर रात व 23 दिसंबर को मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा।

उन्होंने बताया कि दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में 23 दिसंबर को कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की भी संभावना बन रही है। परंतु 24 दिसंबर से 26 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने और उत्तरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवा के हल्की गति से चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में अलसुबह धुंध या स्मॉग रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर रात्रि से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के मौसम में फिर से बदलाव की संभावना बन रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!