हरियाणा में अब सुबह और शाम के समय मौसम अब बदलने लगा है। एक तरफ जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ रात और सुबह के तापमान में गिरावट के साथ हल्की गुलाबी ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 0.6°C की बढ़ोतरी हुई है। रोहतक 36.9°C के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। वहीं, औसत न्यूनतम (रात के) तापमान में 0.2°C की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल (AWS) में 22.2°C दर्ज किया गया।

तापमान की बात करें तो रोहतक में सबसे ज्यादा (36.9°C), इसके बाद गुरुग्राम में (36.4°C) और फरीदाबाद (35.9°C) तापमान दर्ज किया गया। वहीं रात में करनाल में (22.2°C), पंचकुला 22.4°C), यमुनानगर (22.5°C), अंबाला और रेवाड़ी में 22.8°C) दर्ज किया गया।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसूनी हवाओं की वापसी की रेखा 19 सितंबर तक राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला तक पहुंच चुकी है।

राजस्थान के ऊपर एक एंटीसाइक्लोन बनने से हवाओं की दिशा पुरवाई से बदलकर पश्चिमी होने की संभावना है। इसके असर से मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा दक्षिण की ओर मध्य भारत की तरफ खिसकेगी, जिससे हरियाणा में मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी और मानसून की जल्द विदाई होगी।

हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजस्थान के बाद 18 सितंबर से यह पंजाब और हरियाणा से भी वापस जाना शुरू हो चुका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हिसार या सिरसा से मानसून विदाई की लाइन गुजर सकती है और 25 सितंबर तक मानसून पूरे हरियाणा से विदा ले लेगा।

इस बार राज्य में मानसून सीजन के दौरान अब तक सिर्फ 317.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य (409.7 मिमी) से 22% कम है। यह पिछले 6 सालों में सबसे कम बारिश का आंकड़ा है। इससे पहले साल 2019 में इससे कम 255 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!