हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बीएससी छात्र की मौत हो गई। हादसे से कुछ देर पहले ही उसे नौकरी मिलने की खुशखबरी मिली थी। सबसे पहले उसने अपने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी थी, लेकिन कुछ ही मिनट बाद एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान तरुण शर्मा (19) निवासी घराड़सी के रूप में हुई है। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन देवी दयाल शर्मा का भतीजा था। तरुण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

पिता से बोला- मेरी जॉब लग गई

तरुण के पिता रमेश कुमार, जो हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत बिजली बोर्ड में कार्यरत हैं, ने बताया कि बेटे ने फोन कर सबसे पहले नौकरी लगने की खुशखबरी दी थी। उन्होंने उससे कहा कि घर आकर आराम से बात करेंगे। इसी दौरान उन्होंने तरुण को गाय का दूध लेने के लिए भेज दिया।

तेज रफ्तार क्रेटा ने मारी टक्कर

शाम करीब 5:20 बजे कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर नरकतारी बस अड्डे के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने तरुण की इलेक्ट्रिक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उसे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

कई अस्पतालों के चक्कर, नहीं बच सकी जान

परिजनों का आरोप है कि एक निजी अस्पताल ने उसे भर्ती नहीं किया। इसके बाद मेट्रो अस्पताल ले जाया गया, जहां से भी पीजीआई रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ ले जाते समय शाहाबाद के पास उसकी हालत बिगड़ गई। आदेश अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कार चालक की तलाश जारी

थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!