हरियाणा में आज 9 नगर निगम समेत 40 निकायों के लिए वोटिंग हुई। यह वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चली। निकाय चुनाव में कुल वोटिंग 41.8 प्रतिशत रही। हरियाणा में सबसे ज्यादा फतेहाबाद में 85.2 प्रतिशत और सोनीपत में सबसे कम 31 प्रतिशत वोटिंग रही। देखिए हरियाणा इलेक्शन बोर्ड़ पर सही आंकड़े।
वोटिंग के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों से अलग अलग तस्वीरें सामने आईं। कहीं पर पर्ची को लेकर हंगामा होता नजर आया तो कहीं पर बोगस वोटरों को पुलिस ने पकड़ा। गुरुग्राम, रोहतक और नूंह के तावड़ू से EVM खराब होने की भी खबरें आईं।
इन जगहों पर EVM बदलकर मतदान शुरू कराया गया। वहीं, गुरुग्राम के सराय अलरवादी के बूथ में एक शराबी ने घुसकर हंगामा किया। वह दोबारा वोट डालने की जिद कर रहा था, इसलिए पुलिस ने उसे खदेड़ा।
वोटिंग का आकर्षण यमुनानगर के इस्माइलाबाद में वोट डालने पहुंचीं 107 वर्ष की चांदी देवी भी रहीं। वह परिजन संग बाइक पर मतदान के लिए पहुंची थीं। इस उम्र में वोट डालने का उत्साह दिखाकर उन्होंने लोकतंत्र के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।
कैथल जिले की सीवन नगरपालिका में मतदान के दौरान अव्यवस्था का मामला सामने आया है। बूथ नंबर 6 पर दोपहर करीब 2:30 बजे 30 मिनट तक वोटिंग रुकने का आरोप लगाया गया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान जब पोलिंग पार्टी के सदस्य दोपहर का भोजन कर रहे थे, तो मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाताओं ने वोटिंग रोकने का आरोप लगाया। मतदाताओं का कहना था कि चुनाव प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के जारी रहना चाहिए था, लेकिन मतदान कर्मियों की लापरवाही के चलते उन्हें आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

