रोहतक में अब मतदाताओं को पहचान पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वोटर कार्ड अपडेट कराने के बाद केवल 15 दिनों में फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र (EPIC) जारी कर दिया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इसके लिए एक नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) शुरू की है।

डिप्टी कमिश्नर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस नई प्रक्रिया के तहत नए वोटर का नामांकन या पुराने वोटर की जानकारी में कोई भी बदलाव जल्दी और तय समय में पूरा किया जाएगा। यह कदम मतदाताओं को बेहतर सुविधा देने और प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में उठाया गया है।

डिप्टी कमिश्नर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अब वोटर कार्ड की डिलीवरी तक हर चरण की ट्रैकिंग की जाएगी। यानी जैसे ही ईआरओ (निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी) कार्ड तैयार करेगा, वहां से लेकर डाक विभाग के जरिए मतदाता तक पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाएगी।

मतदाताओं को हर स्टेप की जानकारी SMS के जरिए दी जाएगी, जिससे उन्हें यह पता चलता रहेगा कि उनका वोटर आईडी कार्ड किस स्टेज पर है और कब तक मिलेगा। यह नई व्यवस्था मतदाता सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए शुरू की गई है।

डिप्टी कमिश्नर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने एक नया IT प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जिसे ECInet कहा जाता है। इस प्लेटफॉर्म पर एक खास IT मॉड्यूल बनाया गया है, जो पुराने सिस्टम को अपग्रेड करके पूरी प्रक्रिया को ज्यादा आसान और तेज बनाएगा।

इसके तहत वोटर कार्ड की डिलीवरी के लिए डाक विभाग (DOP) के सिस्टम को ECInet से जोड़ा जाएगा, ताकि हर स्टेज पर काम ऑटोमैटिक हो और कोई रुकावट न आए। इस पूरी पहल का मकसद है, सेवा की गुणवत्ता बढ़ाना और डेटा की सुरक्षा बनाए रखना।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!