भारत की स्टार महिला रेसलर विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने का सपना टूट गया। एशियन गेम्स 2026 ट्रायल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में विनेश को उलटफेर का शिकार होना पड़ा और मीनाक्षी गोयत ने उन्हें हरा दिया। विनेश ने इस ट्रायल में 53 किलोग्राम भारवर्ग में हिस्सा लिया था, लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें मीनाक्षी के हाथों 4-6 से करीबी हार मिली और वो अब एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व महिला कुश्ती प्रतियोगिता में नहीं कर पाएंगी।
विनेश ने एशियन गेम्स ट्रायल में अपनी शुरुआत शानदार तरीके सेकी थी और पहले बाउट में ज्योति के खिलाफ 7-1 से शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद विनेश का सामना निशु के साथ हुआ था और इस रोमांचक मुकाबले में उन्हें निशु के खिलाफ 7-6 से करीबी जीत मिली। निशु से विनेश को बेहद कड़ी टक्कर मिली, लेकिन जीत आखिरकार विनेश को ही मिली।
इसके बाद सेमीफाइनल में विनेश, मीनाक्षी पर पार नहीं पा सकीं। इस मैच के दौरान विनेश ने मीनाक्षी को दो बार चैलेंज किया और हर बार एक-एक अंक हासिल किए जबकि मीनाक्षी ने एक बाद उन्हें चैलेंज किया, लेकिन रेफरी के आने से पहले उन्होंने अपना चैलेंज वापस ले लिया। यानी विनेश ने जीतने की हर संभव कोशिश की, लेकिन वो इसमें सफल नहीं हो पाईं।
आपको बता दें कि विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास वापस ले लिया था और वो एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती थीं और इसके लिए उन्हें बड़ी लड़ाई लड़नी पड़ी थी। ये मामला पहले हाई कोर्ट में गया जहां उन्हें ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मिली, लेकिन विनेश के खिलाफ भारतीय कुश्ती महासंघ फिर से सुप्रीम कोर्ट में गई जहां फिर से विनेश को ट्रायल में हिस्सा लेने की हरी झंडी मिली। ट्रायल से पहले भी विवाद हुए, लेकिन बाद में कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्हें 53 किलोग्राम भारवर्ग में खेलने की अनुमति दी गई।
इसके बाद विनेश ने ट्रायल में हिस्सा ले पाईं, लेकिन वो खुद को साबित करने में नाकाम रहीं। विनेश ने 2024 पेरिस ओलंपिक के बाद कुश्ती से संन्यास ले लिया था और फिर राजनीति में आ गईं थी और जुलाना से कांग्रेस पार्टी से विधायक भी बनीं। विनेश फिलहाल विधायक हैं, लेकिन उन्होंने फिर से कुश्ती में आने का फैसला किया था, लेकिन बहरहाल वो ट्रायल में ही हार गईं और उनके आगे बढ़ने का रास्ता को फिलहाल रुक गया।

