पानीपत में एक छात्र और रिटायर्ड पटवारी से साइबर ठगों द्वारा हज़ारो की ठगी का मामला सामने आया है। दोनों वारदातें SBI के बूथ पर हुई। दोनों ही मामलों में रुपए नहीं निकलने पर ठगों ने मदद करने के बहाने डेबिट कार्ड ले लिया और चंद समय में बदल कर दूसरा कार्ड वापस कर दिया।

ठगों ने छात्र के खाते से 26 हजार व पूर्व पटवारी के खाते से 57 हजार रुपए की नकदी निकाल ली। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज करके सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बिट्टू ने बताया कि वह गांव बिघाना तहसील अलेवा जिला जींद का रहने वाला है। 12 जून को वह पानीपत लालबत्ती पर SBI के ATM से रुपए निकलवा रहा था। ATM में कोई समस्या चल रही थी। इसी दौरान वहां दो युवक आए। समय करीब 11:20 बजे का होगा।

उन्होंने पूछा कि क्या हुआ, रुपए नहीं निकल रहे क्या? जिस पर बिट्‌टू ने कहा कि पता नहीं क्या समस्या आ रही है। युवकों ने मदद के बहाने उससे डेबिट कार्ड ले लिया। कुछ ही देर में वे उसका डेबिट कार्ड वापस करके वहां से चले जाते हैं। बिट्‌टू ने फिर रुपए निकालने की कोशिश की, मगर मशीन पासवर्ड गलत बताने लगी। इसके बाद उसने डेबिट कार्ड देखा तो वह उसका नहीं था।

उसने तुरंत रुपए अपने दूसरे खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की, मगर रुपए ट्रांसफर नहीं हो सके। चंद समय में उक्त साइबर ठगों ने उसके खाते से 26 हजार रुपए निकाल लिए। खाते में शेष बचे 860 रुपए ही बिट्‌टू अपने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर पाया। छात्र का कहना है कि वह पहली बार पानीपत आया था। यह रुपए पिता के किसी जानकार को इमरजेंसी में देने थे। इसलिए वह रुपए निकलवा रहा था।

समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में बिशन सिंह ने बताया कि वह गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 5 का रहने वाला है। 12 जून को वह समालखा स्थित SBI के ATM से रुपए निकलवाने गया था। खाते से रुपए नहीं निकल रहे थे। इसी दौरान वहां खडे़ एक युवक ने मदद के बहाने उससे डेबिट कार्ड ले लिया। कुछ ही देर में वह कार्ड वापस करके चला गया। आरोपी बिशन सिंह को डेबिट कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा गया था। कुछ ही देर में ठग ने उसके खाते से 57 हजार रुपए निकाल लिए। बिशन रिटायर्ड पटवारी हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!