अंबाला जिले में खेतों में 8 घंटे बिजली सप्लाई की मांग को लेकर किसानों ने पावर हाउस का घेराव किया। अंबाला सिटी और कैंट के पावर हाउस में घेराव करने पहुंचे किसानों ने सरकार और बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने 15 जून तक मांग पूरी न होने पर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है।
भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप के जिला प्रधान मलकीत सिंह ने कहा कि किसानों को पहले 8 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन सरकार ने घटाकर 4-5 घंटे कर दिया है। धान का सीजन सिर पर आ चुका है। खेतों में सबसे ज्यादा बिजली की जरूरत है। सरकार लगातार 8 घंटे बिजली की सप्लाई दे, अन्यथा किसान पावर हाउस में खुद बैठकर बिजली सप्लाई करेंगे।
अंबाला ब्लॉक प्रधान बलजिंदर सिंह ने कहा कि सरकार 5 घंटे बिजली दे रही है, जिसमें कई कट लग जाते हैं। एक घंटा धान की पौध भरने में लग जाता है। पर्याप्त बिजली की सप्लाई न होने के कारण गन्ने और चारा की फसल सूख रही है। अगर सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती तो वे खुद अपने हिसाब से बिजली की सप्लाई चलाएंगे।
पावर हाउस में धरने पर बैठे किसानों को आश्वासन देने पहुंचे XEN जसनीर सिंह ने कहा कि उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बिजली नगर के SE ऑफिस पहुंचे भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह अमरजीत सिंह, गुरमीत सिंह, जय सिंह सहित अन्य किसानों ने सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा तथा बिना कट लगे 8 घंटे बिजली सप्लाई देने के लिए मांग उठाई। इस दौरान SE ने आश्वासन दिया कि बिना कटों के किसानों को 8 घंटे की बिजली सप्लाई दी जाएगी।
