करनाल: गांव बूढ़ाखेड़ा में एक मामूली पैसों का विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दुकान पर सब्जी खरीदने आए दो युवकों ने 10 रुपये को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बुजुर्ग दुकानदार पर हमला कर दिया. आरोप है कि युवकों ने डंडों और ईंटों से हमला कर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
मृतक की बेटी शिवानी के अनुसार उसके पिता संजय सैनी गांव की मुख्य सड़क के पास नाले किनारे फूड और सब्जी की दुकान चलाते थे. सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी. इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपये का सामान खरीदने के बाद केवल 200 रुपये देकर जाने लगे.
परिवार ने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. शोर सुनकर संजय सैनी बीच में आए और युवकों को लड़कियों से बदतमीजी करने से रोका. आरोप है कि इसी बात पर युवकों ने संजय सैनी को धक्का दे दिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
झगड़ा बढ़ता देख संजय सैनी की बेटी सलौनी अपने पिता को बचाने के लिए आगे आई. उसने डंडा उठाकर आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने वही डंडा छीनकर उस पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची मां अनु सैनी के साथ भी मारपीट की गई. परिवार का आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक और उग्र हो गए और उन्होंने संजय सैनी के सिर पर डंडों और ईंटों से कई वार किए.
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गंभीर हालत में परिजन संजय सैनी को पहले करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों का जिक्र किया गया है, जिनमें सिर की चोट सबसे गंभीर बताई गई.
रोते-बिलखते परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बेटियों का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके पिता की जान ले ली गई. परिवार में चार बेटियां हैं और संजय सैनी ही पूरे परिवार का सहारा थे. बेटियों ने बताया कि आरोपियों ने “पहले बदतमीजी की और फिर विरोध करने पर बेरहमी से हमला कर दिया.”
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर 32-33 पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयाtन दर्ज किए. पुलिस ने अज्ञात दो युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.


