जम्मू के आरएस पुरा के सेई खुर्द इलाके में महिला की संदिग्ध मौत के बाद भारी बवाल मचा हुआ है. हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शनकारियों ने ससुराल के आंगन में ही सुषमा के अंतिम संस्कार के लिए चिता सजा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को चिता जलाने से रोक दिया

मृतका की पहचान सुषमा देवी के रूप में हुई है. महिला की मौत से गुस्साए मायके वालों और अन्य लोगों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. मौके पर पुलिस बल तैनात है. परिजनों का आरोप है कि सुषमा देवी की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही उसे कथित तौर पर पति और ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा था. परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस में शिकायतें और मामले दर्ज करवाए गए थे.

परिजनों ने आरोप लगाया कि सुषमा की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ससुराल पक्ष के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में महिला का पति, ससुर और चाचा ससुर भी शामिल बताए जा रहे हैं.

वहीं, कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए परिजनों ने ससुराल के घर में घुसकर हंगामा किया. प्रदर्शनकारी आरोपी पक्ष का घर जलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें एक पुलिस जवान के घायल होने की सूचना है. फिलहाल सेई खुर्द इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. पुलिस गुस्साई भीड़ को शांत करने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है. इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है.

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!