सिरसा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और पार्टी नेता सुनील उर्फ टिशू प्रधान के बीच चल रहा विवाद अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। 29 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें टिशू प्रधान रेणू शर्मा और उनके पति भीमसेन शर्मा के पैर छूते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद टिशू प्रधान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी सफाई दी। उन्होंने लिखा, “मैं झुका नहीं हूं, समझौता किया है। मां समझकर उनके चरण स्पर्श किए थे। मेरे साथ राजनीति मत करो। मैंने आपके ही कुकर्मों पर पर्दा डाला था।” उनका आरोप है कि उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक रूप से अपमानित करने के उद्देश्य से यह वीडियो जानबूझकर वायरल किया गया है।
जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग से शुरू हुआ विवाद
दोनों नेताओं के बीच विवाद 26 जून को उस समय सार्वजनिक हुआ, जब टिशू प्रधान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा प्रदेश नेतृत्व से डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने संगठन में परिवारवाद और अहंकार का आरोप लगाया। इसके बाद भाजपा नेता सर्वजोत उर्फ जोती सरा ने भी सोशल मीडिया पर रेणू शर्मा के खिलाफ पोस्ट साझा करनी शुरू कर दी।
प्रदेशाध्यक्ष के दौरे के बाद बढ़ा विवाद
27 जून को रेणू शर्मा ने प्रेस वार्ता कर आरोपों का जवाब दिया। इसके बाद 30 जून को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के सिरसा दौरे के दौरान विवाद और बढ़ गया। टिशू प्रधान ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष ने प्रदेशाध्यक्ष को भ्रमित किया और उन्हें दूसरे रास्ते से ले जाया गया। विरोध स्वरूप उन्होंने अपने प्रचार पोस्टरों से रेणू शर्मा की तस्वीर भी हटा दी।
नोटिस के बाद हुआ समझौता
3 जुलाई को रेणू शर्मा ने टिशू प्रधान और सर्वजोत उर्फ जोती सरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई। पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी की मौजूदगी में हुई बैठक में टिशू प्रधान ने रेणू शर्मा और उनके पति के पैर छूकर माफी मांगी। इसी दौरान किसी ने 29 सेकेंड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी टिशू प्रधान को अपने पास बुलाते दिखाई देते हैं। इसके बाद टिशू प्रधान रेणू शर्मा के पैर छूते हैं। तभी रेणू शर्मा के पति भीमसेन शर्मा भी खड़े हो जाते हैं और टिशू उनके भी चरण स्पर्श करते हैं। माना जा रहा है कि यह वीडियो समझौते के दौरान बनाया गया था।
दोनों नेताओं का राजनीतिक सफर
सुनील उर्फ टिशू प्रधान ने वर्ष 2025 में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने कालांवाली नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उनकी पत्नी भी भाजपा की डबवाली जिला कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
वहीं, रेणू शर्मा डबवाली भाजपा की पहली महिला जिलाध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी हुई हैं और वर्ष 1994 में पार्षद का चुनाव भी जीत चुकी हैं। उनके पति भीमसेन शर्मा और देवर राजकुमार शर्मा भी भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद सिरसा भाजपा की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
