यूपी के अमरोहा में खाकी को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां हसनपुर क्षेत्र में स्थित उत्तराखंड के एक जनप्रतिनिधि के फार्म हाउस में हरियाणा से आई एक युवती के साथ गैंगरेप हो गया। युवती ने यूपी पुलिस के एक दरोगा-सिपाही के साथ सीआरपीआर इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उसकी तहरीर पर बुधवार को हसनपुर थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एसपी अमरोहा ने मामले के चार आरोपियों में से दो, दरोगा और सिपाही को सस्पेंड कर दिया है जबकि अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीआरपीएफ के आला अफसरों को चिट्ठी लिखी है।
पुलिस के मुताबिक घटना बीती 22 सितंबर की रात उत्तराखंड राज्य के एक जनप्रतिनिधि के फार्म हाउस की है। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सोरम निवासी मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कांस्टेबल है। पीड़िता और मोहित पहले से परिचित थे। दोनों की मुलाकात सोनीपत में हुई थी। मोहित का परिचित अलवर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र के हातनखेड़ा गांव निवासी लालाराम सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन न्यू बोंगाईगांव असम में इंस्पेक्टर है।
22 सितंबर को पीड़िता, मोहित और लालाराम सोनीपत से मेरठ होते हुए हसनपुर पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात मोहित के परिचित बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के सूप गांव के रहने वाले उपनिरीक्षक संजय तोमर से हुई। संजय तोमर हसनपुर थाने में तैनात है। इसके बाद महिला समेत सभी लोग क्षेत्र के गांव झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे और वहां दो कमरे किराये पर लिए। कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा मस्तान का रहने वाला मुख्य आरक्षी प्रमोद भी फार्म हाउस पर पहुंचा। प्रमोद वर्तमान में पुलिस लाइन अमरोहा में तैनात है। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि फार्म हाउस में चारों आरोपियों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
अपने साथ हुई इस घटना से सकते में आ गई युवती ने पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की। हसनपुर पुलिस ने युवती की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी संजय तोमर, प्रमोद, लालाराम और मोहित को गिरफ्तार कर लिया। एसपी लखन सिंह यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दरोगा संजय तोमर और प्रमोद को सस्पेंड कर दिया गया है।


