हिसार के अर्बन एस्टेट थाने के लॉकअप में बंद हवालाती सुनील की मौत का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। करीब 2 मिनट 4 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि 1 जुलाई की तड़के करीब 3:34 बजे सोते समय सुनील को अचानक बेचैनी होने लगती है। वह दर्द से कराहते हुए उठने और आवाज लगाने की कोशिश करता है, लेकिन लॉकअप में चल रहे कूलर की तेज आवाज के कारण उसकी पुकार न तो अन्य हवालातियों तक पहुंचती है और न ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों तक।
वीडियो में दिखाई देता है कि कुछ ही देर बाद सुनील अपने दोनों पैर सीधे कर लेता है, फिर करवट बदलकर पीठ के बल लेट जाता है। इस दौरान उसका सिर तकिए से नीचे खिसक जाता है। वह कुछ देर तक तड़पता है, फिर दोनों पैर मोड़ लेता है और एक हाथ सीने पर रख लेता है। आखिरी क्षणों में वह दोनों हाथ और पैर ऊपर उठाता है और सुबह करीब 3:36 बजे उसकी हरकतें पूरी तरह थम जाती हैं।
सुनील के साथ लॉकअप में बंद दूसरे हवालाती ने बताया कि वह रात करीब ढाई बजे बाथरूम जाने के लिए उठा था, लेकिन उस समय सब सामान्य था। घटना के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) राजीव कुमार ने करीब एक घंटे तक थाने में रहकर लॉकअप, वेंटिलेशन और हवालातियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी विकास कुमार के अनुसार, भीषण गर्मी को देखते हुए लॉकअप में हवालातियों के लिए कूलर लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी कूलर चलने की आवाज साफ सुनाई देती है।
सुनील (30) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का रहने वाला था और हिसार की मछली मार्केट में ‘बाबा चिकन कॉर्नर’ चलाता था। 26 जून को पत्नी संध्या से मारपीट के आरोप में पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने लाई थी। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के समय उसका मेडिकल कराया गया था और वह पूरी तरह स्वस्थ था।
सुनील की मौत के बाद उसकी पत्नी संध्या ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया कि वह शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकी देता था। वहीं पड़ोसी ने भी आरोप लगाया कि सुनील शराब पीने का आदी था और कुछ दिन पहले उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम व अन्य रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
