रोहतक स्थित IMT में एशियन पेंट कंपनी के पास स्थित भाईचारा ट्रक यूनियन के कार्यालय पर पांच दिन पहले गोलीबारी कर दो लोगों को घायल करने के मामले में सीआईए-1 ने अब एक शूटर खरावड़ निवासी नीरज और दो साजिशकर्ता खरावड़ निवासी ही जसबीर उर्फ जस्सू और सुमित उर्फ रविंद्र को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी लाॅरेंस गैंग के गुर्गे मोनू डागर सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो दिन पहले आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियारों को भी बरामद किया जा चुका है।
2 फरवरी 2023 को भाईचारा ट्रक यूनियन के कार्यालय पर दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें कार्यालय मुंशी सुरेश राणा व ट्रक मालिक रामनिवास पैरों में गोली लगने से घायल हुए थे। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने एक आरोपी खरावड़ निवासी अंकित को तीन घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में यूनियन प्रधान जितेंद्र ने शिकायत देते हुए बताया था कि सोनीपत निवासी मोनू डागर उसे कई दिनों से फोन पर धमकी देकर ट्रांसपोर्ट के काम में साझेदारी करने के लिए दबाव दे रहा था, उसी ने यह वारदात कराई है। केस दर्ज करते हुए पुलिस ने अगले ही दिन खरावड़ निवासी तेजू व सांघी निवासी परमिंदर को गिरफ्तार कर लिया, वहीं फरीदकोट जेल में बंद मोनू डागर को भी प्रोडक्शन वारंट पर रोहतक लाकर पांच दिन की रिमांड पर लिया गया।
मामले में सीआईए-प्रभारी अनेश कुमार ने बताया कि आईएमटी के गोलीकांड में अब तक मोनू डागर सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे पूछताछ जारी है। पूछताछ में सामने आ रहे अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
