रोहतक के गांव बोहर में किराए पर रहने वाले एक परिवार के दो नाबालिग बच्चे रविवार को जेएलएन नहर में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दोनों बच्चों की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

नहर में डूबे दोनों बच्चों की पहचान 9 वर्षीय प्रदीप और 12 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। दोनों दलीप सिंह के बेटे थे और मूल रूप से बिहार के निवासी थे। उनका परिवार फिलहाल रोहतक के गांव बोहर में किराए के मकान में रह रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर दोनों भाई जेएलएन नहर पर नहाने के लिए गए थे। नहाते समय वे नहर की सीढ़ियों पर बैठे हुए थे। इसी दौरान छोटे भाई प्रदीप का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई कुलदीप तुरंत नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के चलते दोनों पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर दोनों बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा।

घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गोताखोरों ने नहर में उतरकर कई स्थानों पर तलाश की, मगर तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। टीम बेरी हेड तक नहर में सघन खोजबीन कर रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक बच्चों का पता नहीं चल सका था।

बताया जा रहा है कि जेएलएन नहर में 2 दिन पहले ही पानी आया है, जिसके कारण बच्चे नहर में नहाने के लिए चले गए। नहर में पानी का बहाव तेज है, जिसके कारण बच्चों के बचने की संभावना कम है। टीम लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है

आईएमटी थाना पुलिस ने बताया कि दो बच्चों के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। मौके पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सर्च ऑपरेशन चल रहा है। बच्चों को जल्द खोज लिया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!