हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बोन कैंसर से पीड़ित एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का दावा है कि 17 जून की रात उसे इंद्री नाके से रोककर लाडवा थाने ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और बाद में पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गलत हरकत की।

पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक (SP) को दी शिकायत में बताया कि वह बोन कैंसर का मरीज है और कीमोथेरेपी के कारण उसके सिर व शरीर के अधिकांश बाल झड़ चुके हैं। युवक के अनुसार, वह 17 जून की रात बैंक में ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान इंद्री नाके पर ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड ने उसे रोक लिया और मुंह पर बंधा कपड़ा हटवाया।

युवक का आरोप है कि कुछ देर बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। उसने दावा किया कि पुलिस वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी ने शराब पी रखी थी। युवक के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने आते ही उसे थप्पड़ मारा। जब उसने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका फोन छीन लिया गया।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसे जबरन लाडवा थाने ले जाया गया और उसकी बाइक इंपाउंड कर दी गई। युवक का कहना है कि थाने में पहले उसे बैठाकर रखा गया और बाद में एक कमरे में ले जाकर मारपीट की गई।
“मैं कैंसर मरीज हूं, टांग में चोट मत मारो”

युवक ने शिकायत में कहा कि उसे जबरन लाडवा थाने ले जाया गया। वहां एक कमरे में ले जाकर उसकी पिटाई की गई। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह कैंसर का मरीज है और उसकी टांग में चोट न पहुंचाई जाए। आरोप है कि इस पर पुलिसकर्मियों ने कहा, “दिखने वाली चोट नहीं मारेंगे, गुम चोट मारेंगे।”

युवक का दावा है कि इसके बाद कैंसर वाली टांग को जूतों से रगड़ा गया। कीमोथेरेपी के कारण टांगों के बाल झड़ चुके थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने इस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा, “इसकी टांगें तो लड़कियों जैसी हैं।”

“इसके बाद मेरे साथ गलत हरकत हुई”

पीड़ित के अनुसार, दो ASI और एक होमगार्ड ने उसके कपड़े उतरवाए और उसके साथ गलत हरकत की। रातभर वह सदमे में रहा। बाद में परिजनों को थाने बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया गया।
युवक के अनुसार, अगले दिन नहाते समय उसे ब्लीडिंग होने लगी। शुरुआत में उसने शर्म और डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा और फिर LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

वहीं, लाडवा के DSP निर्मल सिंह ने कहा कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की सत्यता की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!