नांगल चौधरी के नांगल कालिया गांव के त्रिपुरा राइफल के जवान की ऑन ड्यूटी मौत हो गई. जवान का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. शहीद को उनके 10 वर्षिय बेटे ने मुखाग्नि दी. बेटे को मुखाग्रिन देते देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई. लोग अपने आंसू रोक नहीं पाए. इस दौरान जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

शहीद कुलदीप यादव 26 नवंबर 2008 को त्रिपुरा राज्य राईफल तृतीय बटालियन में वाशरमैन की पोस्ट पर भर्ती हुए थे. वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात थे. मंगलवार को ड्यूटी के दौरान कुलदीप की तबीयत खराब हो गई. आनन-फानन में कुलदीप के दोस्तों ने उनको अस्पताल पहुंचाया. उनकी गंभीर अवस्था को देखते हुए उनकों हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जहां ईलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया. इधर, जवान की मौत की सूचना उसके परिजनों को दी गई.
नायक सूबेदार GD देवेंद्र सिंह ने बताया, “नांगल कालिया के 36 वर्षीय कुलदीप यादव की 4 मार्च को मौत हो गई. जवान की मौत की सूचना उनके परिजनों को दी गई.” वहीं, पूर्व सिचाई मंत्री डॉक्टर अभय सिंह यादव ने भी जवान को श्रद्धांजलि दी. पूर्व मंत्री ने कहा, “शहीद किसी एक गांव या परिवार का नहीं होता, शहीद पूरे देश का होता है.देश पर जान न्योछावर करने वाले ऐसे शहीदों को बार-बार नमन करते हैं.”
