पंचकूला। 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए CGST (सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) सुपरिंटेंडेंट के घर से CBI ने करोड़ों की संपत्ति बरामद की है। 20 नवंबर को की गई छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, सोने की ईंटें, कीमती गहने और विदेशी मुद्रा मिली है। इसके अलावा करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

19 नवंबर को 10 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा था
CBI के मुताबिक, आरोपी CGST सुपरिंटेंडेंट ने एक निजी फर्म को GST मामले में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले मोटी रिश्वत मांगी थी। फर्म की शिकायत पर CBI ने जाल बिछाया और 19 नवंबर को पंचकूला में आरोपी अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
घर से नकदी, सोना और विदेशी करेंसी बरामद
गिरफ्तारी के अगले दिन 20 नवंबर को CBI ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये नकद, सोने की ईंटें, आभूषण और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। बरामदगी ने जांच एजेंसी को भी हैरान कर दिया।

बैंक खातों और प्रॉपर्टी की जांच में जुटी CBI
CBI को आरोपी के घर से 6 बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसियों और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर दर्ज वाहनों तथा वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड भी जब्त किया गया है।
अब CBI इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अधिकारी ने अपनी आय के मुकाबले कितनी संपत्ति अर्जित की है और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
फिलहाल CBI की जांच जारी है।
