हिसार। हरियाणा के हिसार में पूर्व भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बंद पड़े स्विमिंग पूल में डूबने से आठ साल की बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची बॉल से खेल रही थी। बॉल स्विमिंग पूल की तरफ चली गई और उसे लेने के दौरान बच्ची का पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में गिर गई।
घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे हिसार के चौथा मिल क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस की बताई जा रही है। बच्ची की छोटी बहन ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे पूल से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
12 दिन पहले ही फार्म हाउस पर आया था परिवार
मृतक बच्ची की पहचान आठ वर्षीय रागिनी के रूप में हुई है। उसके पिता प्रताप भान सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के कमालपुर गांव के रहने वाले हैं। वह करीब पांच वर्षों से हिसार में रहकर मजदूरी कर रहे हैं।
परिवार करीब 12 दिन पहले ही सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर काम करने के लिए आया था। प्रताप भान सिंह के तीन बच्चे बताए गए हैं, जिनमें रागिनी सबसे बड़ी थी।
बॉल लेने गई और पूल में गिर गई
परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम रागिनी फार्म हाउस परिसर में बॉल से खेल रही थी। इसी दौरान उसकी बॉल बंद पड़े स्विमिंग पूल की तरफ चली गई। बच्ची बॉल लेने के लिए पूल के पास पहुंची, जहां कथित तौर पर उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरी।
बताया गया है कि स्विमिंग पूल फिलहाल इस्तेमाल में नहीं था, लेकिन उसमें गंदा पानी भरा हुआ था। पूल के चारों ओर जाली लगी हुई थी, हालांकि अंदर जाने के लिए एक जगह खुली होने की बात कही गई है।
छोटी बहन ने परिजनों को दी जानकारी
हादसे की जानकारी रागिनी की छोटी बहन ने परिवार को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को स्विमिंग पूल से बाहर निकाला। उसे तत्काल हिसार के जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने की इत्तेफाकिया कार्रवाई
सदर थाना प्रभारी विरेंद्र के मुताबिक परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और फिलहाल मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई है।
पहले भी चर्चा में रहा है फार्म हाउस
यह फार्म हाउस हिसार-सिरसा रोड पर ढंढूर गांव के पास स्थित बताया जाता है और पूर्व भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट से जुड़ा रहा है। सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 को गोवा में मौत हुई थी। उनकी मौत के बाद जांच के सिलसिले में यह फार्म हाउस भी चर्चा में आया था।
सोनाली फोगाट ने वर्ष 2019 में भाजपा के टिकट पर आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वह सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थीं और टेलीविजन रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ में नजर आई थीं।
