अवैध संबंधों के बाद अब दहेज और आर्थिक शोषण के आरोपों ने बढ़ाए सवाल, पिता बोले- हत्या के पीछे आर्थिक लालच की भी जांच हो
गुरुग्राम के मानेसर में हुए मधु मर्डर केस की जांच में अब दहेज और आर्थिक शोषण का एंगल भी सामने आया है। मृतका मधु के पिता अशोक ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि शादी के कुछ ही समय बाद उनसे 5 लाख रुपये दहेज की मांग की गई थी।
शादी के एक महीने बाद रखी 5 लाख की मांग
मधु के पिता अशोक के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी फरवरी में हुई थी। शादी के करीब एक महीने बाद मार्च में मधु के ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान उनसे 5 लाख रुपये दहेज की मांग की गई। परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बावजूद कथित तौर पर पैसों को लेकर दबाव बनाया जाता रहा।
पिता ने दे दिया अपना डेबिट कार्ड
अशोक का कहना है कि लगातार दबाव के बाद उन्होंने अपना बैंक डेबिट कार्ड ससुराल पक्ष को दे दिया। उन्होंने उनसे कहा था कि “ये कार्ड अपने पास रख लो। मैं इसमें पैसे डालता रहूंगा और आप निकालते रहना। जब आपकी डिमांड पूरी हो जाए तो कार्ड वापस कर देना।”
अशोक के मुताबिक, इस डेबिट कार्ड से करीब 1 लाख रुपये निकाले गए। इसके अलावा उन्होंने करीब 1 लाख रुपये अलग से भी दिए।
पुलिस जांच के बाद यह डेबिट कार्ड अब मधु की मां को वापस कर दिया गया है।
पुलिस को वीडियो भी सौंपा
मधु के पिता ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है। उनके मुताबिक, वीडियो में आरोपी दामाद अंकित के परिजनों के शादी के करीब एक महीने बाद उनके घर पहुंचने का घटनाक्रम है।
अशोक का आरोप है कि शादी के बाद से ही मधु को दहेज और पैसों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
पिता ने पुलिस जांच पर उठाए 3 बड़े सवाल
पहला सवाल- दहेज प्रताड़ना के एंगल की जांच क्यों नहीं?
अशोक का दावा है कि मधु पर शादी के बाद से ही दहेज और पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि हत्या की जांच में आर्थिक लालच और दहेज प्रताड़ना के एंगल को भी गंभीरता से शामिल किया जाना चाहिए।
दूसरा सवाल- परिवार को गुमराह करने के आरोपों की जांच कब?
अशोक के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी अंकित और उसके पिता उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने परिवार को बताया कि मधु सोने-चांदी के गहने लेकर घर से चली गई है।
मधु के पिता इसे परिवार को गुमराह करने की कोशिश बता रहे हैं। उनका सवाल है कि पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच किस स्तर तक की है।
तीसरा सवाल- हत्या में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद क्यों नहीं?
21 मई को हुए इस हत्याकांड में पुलिस अंकित और उसकी कथित गर्लफ्रेंड रजनी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार हरिद्वार में गंगा में फेंकने की बात कही थी।
हालांकि, मधु के पिता का सवाल है कि अगर हथियार गंगा में फेंका गया था तो अब तक उसकी बरामदगी क्यों नहीं हो पाई है।
SIT कर रही मामले की जांच
मधु के पिता का आरोप है कि मामले में अभी कई अहम सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं। अब दहेज, आर्थिक लेन-देन और परिवार को गुमराह करने के आरोपों ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
फिलहाल मामले की जांच SIT कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इन नए आरोपों को जांच में किस तरह शामिल करती है और मधु हत्याकांड की पूरी तस्वीर सामने कब तक आती है।
