शुक्रवार अल सुबह बहादुरगढ़ में KMP एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हो गया। बादली के पास एक ट्रक ने एक SUV कार को टक्कर मार दी। इस दुखद हादसे में 8 लोगों की मौत होगई है जिसमें 4 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है इसके अलावा एक बच्ची घायल भी है। सभी लोग एक ही परिवार के थे और गोगा मेड़ी से वापस घर जा रहे थे। मारे गए लोग उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के नगला अनूप गांव के बताए जा रहे हैं।

हादसा बादली और फरुखनगर के बीच हुआ, कार किराए की है जिस में 11 लोग सवार थे। ये सभी गुरुगाम जा रहे थे। इन्होंने पेशाब जाने के लिए कार को कुछ देर हाईवे पर रुकवाया, कि तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई पलटियां खाते हुए दूर जा गिरी। जिसके चलते 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक बच्ची को पैर में गंभीर चोटें आई हैं। कार चालक और एक महिला हादसे के वक्त कार से बाहर थे, इसलिए वे बच गए। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।

राहगीरों ने तुरंत कार से घायलों को बाहर निकाला, लेकिन सभी की मौत हो चुकी थी। वहीं एक बच्ची की सांसें चल रही थीं, जिसे बहादुरगढ़ के अस्पताल ले जाया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।
