हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले कस्बा नांगल चौधरी के किसानों द्वारा पिछले एक महीने से चल रही खाद की किल्लत के कारण लगाया जाम खुलवाने पहुंची पुलिस टीम पर गुस्साए लोगों ने पथराव किया। जिसके चलते दो पुलिसकर्मी चोटिल होगये, तथा अन्य ने दुकानों में छिपकर अपनी जान बचाई। पथराव की सूचना पर पहुंचे भारी पुलिसबल को देख जाम लगाने वाले लोग भाग गए। पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी है और कई बाइक कब्जे में ली हैं। फिलहाल अनाजमंडी के आसपास पुलिसबल तैनात है।
शुक्रवार को 150 लोगों ने नांगल चौधरी अनाज मंडी के सामने गोठड़ी मोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख गुस्साए लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस बीच वहां आई एक पीसीआर के भी शीशे भी गुस्साए लोगों ने तोड़ दिए।
जानकारी के लिए आपको बता दें लगभग 15 मिनट तक पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। कई पुलिसकर्मी तो भागकर अनाज मंडी की दुकानों में छिप गए। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देख जाम लगाने वाले लोग वहां से भाग खड़े हुए। फिलहाल अनाजमंडी के आसपास पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं पुलिस ने मौके से कुछ बाइकों को भी कब्जे में लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पथराव करने वाले लोगों की पहचान की कोशिश कर रही है।
