रोहतक। नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग की मंगलवार को हुई संयुक्त बैठक में सीवर-पानी का मुद्दा खूब उछला। निगम पार्षदों ने अपने वार्डों में पानी और सीवर की दिक्कतें बताईं। सीवर समस्या पर कर्मचारियों की नियुक्ति पर सभी ने सहमति जताई।

मेयर रामअवतार वाल्मीकि की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। एक महीना बाद कार्यों का रिव्यू करने के लिए फिर से संयुक्त बैठक करने की बात कही गई।

वार्ड छह की पार्षद नीरा भटनागर के प्रतिनिधि नौरातामल भटनागर ने बताया कि पुराने शहर में शामिल वार्ड चार, पांच, छह और सात में ज्यादा दिक्कतें हैं।
इन वार्डों में बनाए गए बूस्टर में लगी मोटर पुरानी हो गई हैं। इतना ही नहीं यहां पाइप लाइन भी तीन से चार दशक पुरानी हैं जिससे पानी की समस्या बढ़ रही है। गर्मी ही नहीं बल्कि अब सर्दी में भी पानी की दिक्कत हो रही है। ऐसे में उन्होंने यहां पर पुरानी हो चुकी मोटरों को बदलवाने व नई पाइप लाइन डलवाने की मांग की।
इस दौरान अन्य पार्षदों ने भी पानी के मुद्दे का ठोस समाधान करने की मांग की। बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता शिवराज सिंह चौहान, कार्यकारी अभियंता संदीप व संजीव मौजूद रहे। मनोनीत पार्षदों सहित इस बैठक में कुल 23 नगर पार्षद भी मौजूद रहे।
पार्षदों के पास रोज आती हैं सीवर से जुड़ी आठ शिकायतें : निगम के वार्ड नौ से बिजेंद्र हुड्डा, वार्ड 20 से पार्षद प्रवीन कौशिक व वार्ड छह से पार्षद प्रतिनिधि नौरातामल भटनागर ने बताया कि उनके पास रोजाना करीब आठ शिकायतें सीवर समस्या से जुड़ी आती हैं।
इस पर दूसरे पार्षदों ने भी बताया कि उनके पास भी अमूमन इतनी की शिकायतें आ रही हैं। इस समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के दो से तीन कर्मचारी प्रत्येक वार्ड में लगाए जाने की मांग की। इस पर सभी ने सहमति जताई।
इसके साथ ही सभी वार्डों के लिए सीवर लाइन की मशीन से सफाई का शेड्यूल बनाने की मांग भी पार्षदों ने की। मेयर ने सभी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!