रोहतक। दिवाली के त्योहार को देखते हुए रोहतक पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में नाकाबंदी कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक हथियारों से लैस क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैनात की गई हैं।
सीआईए की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। वहीं, महिला पुलिसकर्मियों को भी बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
बाजारों में महिला पुलिसकर्मी भी करेंगी गश्त
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ देर रात तक गश्त करने को कहा गया है। पुलिस बाजारों में पैदल गश्त कर रही है, ताकि त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षा मिल सके।
जिला पुलिस कंट्रोल रूम को भी हर छोटी-बड़ी घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
होटल और धर्मशालाओं में भी जांच
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस की टीमें होटल, धर्मशाला, सराय और अन्य ठहरने के स्थानों की जांच कर रही हैं। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।
सीआईए की टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी कैंप मार्केट, भिवानी स्टैंड और डी-पार्क सहित शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में गश्त की।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी डायल-112 या नजदीकी थाना-चौकी को दी जा सकती है।
इसके अलावा लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

