हरियाणा में आज से मौसम बदलेगा। जिसके चलते प्रदेश के 6 जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ज्18 अप्रैल को 3 जिलों कैथल, करनाल और कुरुक्षेत्र में येलो अलर्ट और 3 जिलों यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के लिए डार्क येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके तहत शुक्रवार को इन जिलों में बादल छाए रहने के अलावा गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। 18 अप्रैल के लिए पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में बारिश की भी संभावना है।
हरियाणा के अधिकतम तापमान में वीरवार को 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म एरिया नारनौल रहा। जहां का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी ही दर्ज की गई। हरियाणा में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद के तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की हुई। जिसके बाद फरीदाबाद का तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई। मौसम साफ रहने के चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
