केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari की ओर से 18 जून 2025 को बड़ी घोषणा करते हुए बताया गया है कि 15 अगस्त 2025 से Annual Fastag Pass को जारी किया जाएगा। इस फास्टैग का किन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari की ओर से घोषणा करते हुए जानकारी दी गई है कि 15 अगस्त 2025 से देशभर में वार्षिक Fastag पास को जारी करना शुरू कर दिया जाएगा। जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी।
MoRTH की ओर से जब इस तरह के पास को शुरू किया जाएगा तो उसका सबसे ज्यादा फायदा ऐसे लोगों को पहुंचेगा जो साल भर में कई बार नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस वे का उपयोग करते हैं। ऐसे लोगों को मौजूदा व्यवस्था में हर बार फास्टैग रिचार्ज करवाना पड़ता है और जब भी वह टोल बूथ से निकलते हैं तो उनको हर बार टोल टैक्स देना पड़ता है। लेकिन नई व्यवस्था के लागू होने के बाद सिर्फ एक ही बार रिचार्ज करवाना होगा और साल भर तक बिना अतिरिक्त चार्ज दिए ही वह नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस वे का उपयोग कर पाएंगे। स्टेट हाइवे पर इस सुविधा का फायदा नहीं उठाया जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुद वीडियो जारी कर यह समझाया है कि किस तरह से लोगों को टोल की नई व्यवस्था का फायदा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 200 ट्रिप का मतलब 200 टोल टैक्स बूथ को क्रॉस करना होगा। जिसके बाद एक टोल को पार करने की कीमत सिर्फ 15 रुपये तक हो जाएगी। जबकि कई जगहों पर अभी एक टोल पार करने के लिए 50 रुपये से लेकर 200 रुपये तक भी देने पड़ते हैं।
अगर कोई व्यक्ति दिल्ली से अपने सफर को शुरू करता है और चंडीगढ़ तक अपनी कार से सफर करता है तो उसे मुरथल पर भगन टोल प्लाजा, पानीपत, घरौंडा और अंबाला पर टोल देना पड़ता है। अगर इस पर एक तरफा टोल करीब 380 रुपये का आता है और एक दिन बाद चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर किया जाए तो इतना ही टोल वापस आने के लिए देना होगा। जिसके बाद दिल्ली से चंडीगढ़ आने-जाने में ही करीब 760 रुपये लग जाएंगे।
नई व्यवस्था के लागू होने के बाद दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच चार टोल आते हैं। Nitin Gadkari के मुताबिक इन टोल को पार करने में एक तरफा खर्च अब सिर्फ 60 रुपये होगा। ऐसे में चंडीगढ़ आने-जाने में एक निजी वाहन को सिर्फ 120 रुपये की कीमत के बराबर का टोल देना होगा।
अगर एक निजी वाहन एक महीने में एक बार दिल्ली-चंंडीगढ़ का सफर करता है तो वह 200 ट्रिप में से आठ ट्रिप का उपयोग करेगा और इस हिसाब से वह गाड़ी 25 बार दिल्ली से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर कर पाएगी।
केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari की ओर से बताया गया है कि Annaual Fastag Pass की अवधि एक साल तक के लिए होगी या 200 यात्राओं तक जो भी पहले हो, उसके लिए वैध रहेगा। ऐसे में कोई व्यक्ति महीने में एक बार दिल्ली से चंडीगढ़ के अलावा अगर कहीं और की यात्रा भी करता है तो तीन हजार रुपये का एनुअल फास्टैग पास लेने के बाद 200 यात्राओं तक अतिरिक्त टोल टैक्स नहीं देना होगा। जिससे हजारों रुपये की बचत हर साल की जा सकती है।
