रोहतक के कलानौर में रात को घर पर सो रहे परिवार के पास से नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। जब परिवार वाले सुबह उठे तो उन्हें इस चोरी का पता लगा। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं चोर मकान के पास लगते खाली प्लाट में से दीवार फांदकर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
कलानौर के वार्ड नंबर 14 निवासी गोविंदा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात को उसके मकान के कमरे में चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि परिवार वाले रात को घर पर कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसे और उनके पास रखे जरूरी कागजात व 28 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। सुबह उठकर देखा तो वहां ना तो पैसे मिले और ना ही कागजात।
पीड़ितों ने अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि मकान के पड़ोस में प्लाट खाली है। चोर खाली प्लाट में से सीढ़ियों की दीवार फांदकर घर में घुसा है। क्योंकि मकान का मैन गेट बंद था। कमरे में रखे 28 हजार रुपये, 3 चांदी की अंगूठी, एक मोबाइल फोन व अन्य जरूरी कागजात लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना का पता लगने के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और चोरों की तलाश की जा रही है।
