रोहतक के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 28 नवंबर से 11 दिसंबर तक अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। आवेदन के लिए कुल 30 दिन का समय दिया गया था, जिसमें से 16 दिन का समय बीत चुका है और अब 14 दिन ही शेष बचे हैं। सेना भर्ती में रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के युवा भाग लेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 3 सितंबर है। इच्छुक युवाओं के पास ऑनलाइन आवेदन के लिए 3 सितंबर तक का समय है।
भर्ती रैली संयोजक कर्नल दीपक कटारिया ने कहा कि सेना भर्ती कार्यालय द्वारा 28 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक अग्निपथ योजना के तहत राजीव गांधी खेल परिसर में सेना की खुली भर्ती का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अपना नाम सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकृत करवाना अनिवार्य है।
रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत के ऐसे युवक, जिनका जन्म 1 अक्तूबर 1999 से 1 अप्रैल 2005 के बीच हुआ है और उन्होंने 10वीं या 12वीं की कक्षा उतीर्ण की है। वे अग्निपथ योजना के तहत सेना में खुली भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अग्निवीर जनरल डयूटी, अग्निवीर लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेडमैन 10वीं पास व अग्निवीर ट्रेडमैन 8वीं पास के पद सेना भर्ती के लिए है। सेना भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता व आयु सीमा की योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवार इसके तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय उम्मीदवार को मोबाइल नंबर की जानकारी दर्ज करके सबमिट का बटन दबाना होगा।
