हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 11 बजे तक यमुनानगर में बारिश का ऑरेंज और 8 शहरों में यलो अलर्ट जारी किया है। यमुनानगर में भारी बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में अभी तक 36 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह पंचकूला, अंबाला, बराड़ा, शाहाबाद, नारायणगढ़, जगाधरी और रादौर में तेज और हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, प्रदेश के अन्य शहरों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, रेवाड़ी शहर में मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। सुबह कुछ देर के लिए बूंदाबांदी भी हुई।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि पंजाब से सटे पाकिस्तान के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते मानसून द्रोणिका की अक्षय रेखा अब दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे हरियाणा में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 24 जुलाई तक हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना के चलते दिन के तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है। मौसम में आए बदलाव के चलते उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है।
