रोहतक के डीसी अजय कुमार ने कहा कि जल्द ही नगरवासियों को 3 फुट ओवरब्रिज की सौगात मिलेगी। डीसी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में उपरोक्त 3 फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित में नगर के तीन अलग-अलग स्थान पर फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है।

डीसी अजय कुमार ने बताया कि राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जाट महाविद्यालय तथा देवीलाल पार्क के समीप फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनाए जाने वाले इन तीनों फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए वर्क आर्डर दिया जा चुका है। जल्द ही इन तीनों ब्रिज का निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कुछ विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र आ चुका है, जबकि अन्य बचे विभागों से एनओसी आने की प्रक्रिया चल रही है। जनहित को ध्यान में रखते हुए ही नगर में तीन अलग-अलग स्थान पर फुट ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक, नगराधीश अंकित कुमार व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
