बहादुरगढ़ में एक निजी अस्पताल का होर्डिंग लगाते वक्त मज़दूर को करंट लग गया, जिसकी वजह से वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा और उसकी मौत हो गई। बहादुरगढ़ शहर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर प्रिटिंग प्रेस संचालक (ठेकेदार) पर केस दर्ज कर लिया हैं। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला 23 वर्षीय बैजनाथ पिछले कुछ समय से दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। वह उत्तम नगर के प्रिंटिंग प्रेस संचालक देवेंद्र के पास काम करता था। देर शाम बैजनाथ यहां बहादुरगढ़ में नजफगढ़ रोड स्थित सनसूर्या अस्पताल का होर्डिंग लगाने आया था। जब वह तीसरी मंजिल पर होर्डिंग लगा रहा था कि अचानक उसे करंट का झटका लगा।
करंट लगने से वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। उसे काफी चोट आई। गंभीर हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही दिल्ली से परिजन बहादुरगढ़ पहुंचे। शनिवार परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। बड़े भाई ऋषि कपूर दास ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण उसके भाई बैजनाथ की जान गई है। इसके पीछे ठेकेदार देवेंद्र और डॉ. राजगनी की लापरवाही रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई की की जाए।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र कुमार ने कहा कि करंट लगने से एक युवक नीचे गिर गया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों के बयान पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
