रोहतक : नगर निगम आयुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा घर-घर से कूड़ा उठान प्रणाली में RFID तकनीक लागू की जा रही है। जिसके तहत एजेंसी द्वारा प्रत्येक वार्ड में, प्रत्येक घर पर RFID टैग लगाए जाएंगे।

इस कार्य के सुचारू संचालन के लिए नगर निगम की सफाई शाखा के अधिकारियों/कर्मचारियों को भी आदेश जारी किए जा चुकी है कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके सम्बन्धित वार्ड क्षेत्र में प्रत्येक घर पर RFID टैग लगाया जाए। जब एजेंसी की गाड़ी किसी घर से कूड़ा उठाएगी, तो उस घर पर लगा RFID टैग स्कैन किया जाएगा। स्कैनिंग के बाद संबंधित जानकारी SWM पोर्टल पर स्वतः दर्ज हो जाएगी। इस तकनीक के माध्यम से यह आसानी से ज्ञात किया जा सकेगा कि किस घर से कूड़ा उठाया गया है और किन घरों से नहीं। ऐसा होने से कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निगरानी की सटीकता सुनिश्चित होगी। नगर निगम को दैनिक आधार पर यह जानकारी प्राप्त होगी कि प्रत्येक वार्ड में सफाई एवं कूड़ा उठान की वास्तविक स्थिति क्या है।

निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने यह भी बताया कि नगर निगम का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह तकनीकी व परिणाम आधारित बनाना है। RFID टैगिंग प्रणाली से नागरिकों को यह भरोसा रहेगा कि उनके घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को भी क्षेत्रवार स्थिति की रियल टाइम जानकारी प्राप्त होगी। सभी वार्डों में RFID टैग लगाने का कार्य जल्द ही पूर्ण किया जाएगा, जिसके उपरांत इस प्रणाली के माध्यम से SWM पोर्टल मानिटरिंग एवं रिपोर्टिंग कार्य आरंभ हो जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!