गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में बंगाल की एयर होस्टेस का डिजिटल रेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मेदांता अस्पताल का टेक्नीशियन निकला। वह पिछले 5 महीने से यहां नौकरी कर रहा था।
आरोपी टेक्नीशियन दीपक (25) मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बधौली गांव का रहने वाला है। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा की बनाई SIT ने आरोपी को पकड़ने के लिए 800 CCTV फुटेज खंगाले। जिसके बाद उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया गया। उससे फिलहाल SIT की टीम पूछताछ कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक SIT के चीफ DCP हेडक्वार्टर डॉ. अर्पित जैन ने आरोपी की धरपकड़ के लिए 8 टीमें बनाई थी। जिन्होंने अस्पताल से लेकर पूरे एरिया से सबूत जुटाए। जिसके बाद आरोपी की पहचान हुई।
वहीं हरियाणा सरकार भी इस मामले में एक्टिव हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने गुरुग्राम की CMO से एयर होस्टेस के इलाज से लेकर डिस्चार्ज होने तक की सारी रिपोर्ट मांगी है। जिसके बाद गुरुग्राम सेहत विभाग डॉक्टरों के बोर्ड के जरिए सोमवार को एयर होस्टेस की मेडिकल जांच करेगा।
बता दें कि एयर होस्टेस 5 अप्रैल को बीमार हुई थी। जिसके बाद उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया। जहां 6 अप्रैल को रात 9 बजे उसके साथ टेक्नीशियन ने जांच के बहाने प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की थी।
