रोहतक जिले के ब्लॉक महम की चौबीसी खाप पंचायत ने धनाना स्थित सतलोक आश्रम पहुंचकर जेल से बाहर आए रामपाल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। महम चौबीसी खाप पंचायत ने समाज के प्रति किए गए कार्यों को देखते हुए सम्मान किया, ताकि आगे भी समाज की भलाई के काम चलते रहे।

महम चौबीसी खाप पंचायत के प्रधान सुभाष गोयत के अनुसार 2025 में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। खेतों में पानी भर गया और प्रशासन व सरकार की तरफ से बचाव के लिए कोई काम नहीं किया। ऐसे में रामपाल की तरफ से मदद पहुंची और मोटर व पाइप लगाकर खेतों से पानी निकालने का काम किया।

सुभाष गोयत के मुताबिक रामपाल की तरफ से अन्नपूर्णा मुहिम व गरीबों के मकान बनाकर जो सेवा के कार्य शुरू किए गए हैं, उसके लिए आभार प्रकट किया है। हरियाणा की परंपरा रही है कि जिसका सम्मान करते हैं, उसको पगड़ी पहनाई जाती है। इसी भाव के साथ रामपाल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया है।

प्रधान सुभाष गोयत ने बताया कि रामपाल ने जेल में बैठकर मानव कल्याण के कार्य किए और अब बाहर आने के बाद दोगुना काम करेंगे। आज मंडियों में जो गेंहू की फसल पहुंची है, उसमें 80 प्रतिशत योगदान रामपाल का है, क्योंकि अगर खेतों से पानी निकालने में रामपाल ने मदद नहीं की होती, तो फसल उगा ही नहीं पाते।

प्रधान सुभाष गोयत ने कहा कि रामपाल से महम में सत्संग करने की अनुमति मांगी है, क्योंकि महम के खेतों से पानी निकालने में काफी मदद हुई है। अगर महम में सत्संग होगा, तो पूरे हरियाणा के लोग खुश होंगे, क्योंकि महम चौबीसी का अपना इतिहास है।

प्रधान सुभाष गोयत के अनुसार रामपाल द्वारा चलाए जा रहे सतलोक आश्रम की तरफ से नशा मुक्त समाज अभियान शुरू किया गया है। युवाओं को बुराइयों से दूर रखने के लिए रामपाल लगातार काम कर रहे है। गरीबों के मकान निर्माण में सहयोग व राशन उपलब्ध करवाने जैसे कार्यों ने नई मिसाल पेश की है।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!