Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मे यूपी पुलिस को नहीं सौंपी युवती, बोली-मर्जी से शादी की हूं

रोहतक। प्रेम विवाह करके शहर के राजीव नगर में रहने वाली अंजली को लेने आई यूपी पुलिस को रोहतक पुलिस युवती को सौंपने से इंकार कर दिया है। प्रियम से अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाली अंजली के रविवार देर शाम को यूपी के फिरोजाबाद पुलिस ने सुखपुरा पुलिस चौकी में बयान दर्ज किए। युवती ने कहा उसने बिना किसी के दबाव में शादी की है। वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। बयान दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। इसके साथ ही देर रात यूपी पुलिस रवाना हो जाएगी।

उधर, यूपी पुलिस के राजीव नगर में हुए घटनाक्रम पर कहा कि उनका किसी से झगड़ा नहीं हुआ। न ही किसी को धक्का मारा। गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, रिटायर एसआई तिलकराज की मौत के मामले में पुलिस को डाक्टरों की फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है।

भिवानी निवासी सुखबीर ने बताया कि रक्षाबंधन पर वह परिवार के साथ अपनी ससुराल रोहतक के राजीव नगर आए हुए थे। रात को अचानक महिला के चिल्लाने की आवाज आई। उनके ससुर सेवानिवृत्त एसआई तिलकराज बाहर आए तो देखा कि यूपी पुलिस महिला को जबरन लेकर जा रही है।
विरोध किया तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें धक्का दे दिया। इससे उनके ससुर की हालत बिगड़ गई। तिलकराज को पीजीआई ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि अब हरियाणा पुलिस उन पर समझौते का दबाव बना रही है और कह रही है कि आपका तो चला गया। अब यूपी पुलिस वालों की नौकरी चली जाएगी।

समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वे समझौता नहीं करेंगे। यूपी पुलिस उनके ससुर की मौत की जिम्मेदार है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तिलकराज के शव को परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि तिलकराज की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। हंगामे में अंजली के सिर में भी चोट लगी है।

युवती ने यूपी पुलिस को बयान दिए हैं कि वह बालिग है। मर्जी से बिना किसी दबाव में शादी की है। अब अपने पति के साथ ही रहना चाहती हूं। यूपी पुलिस ने बयानों की वीडियोग्राफी की है। रिटायर एसआई की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -गुलाब सिंह, डीएसपी।

पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में पता चला है कि राजीव नगर निवासी प्रियम (23) लंबे समय ये पंजाब के जीरकपुर में रह रहे थे। उन्होंने मई 2025 में यूपी के हाथरस जिले के गांव नौगांवा, सादाबाद हाल में आगरा निवासी अंजली सिंह (23) से रोहतक के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। इसी बीच अंजली के परिजनों ने यूपी के फिरोजाबाद जिले के थाना मटेसना में युवक के खिलाफ शादी के लिए युवती का अपहरण करने का केस दर्ज करवा दिया था। अंजली व प्रियम रोहतक के राजीव नगर स्थित मकान में रह रहे थे। शनिवार की रात यूपी पुलिस एसआई राकेश व महिला एसआई रुचिका के नेतृत्व में रोहतक पहुंची और अंजली को लेकर जाने लगी। इसका लोगों ने विरोध किया। हंगामा बढ़ने पर पथराव करके यूपी पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। साथ ही हंगामे में पड़ोस में रहने वाले रोहतक पुलिस के सेवानिवृत्त एसआई की मौत हो गई थी।

Exit mobile version